Pakistan vs India

Pakistan vs India: भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से रौंदा, हरमनप्रीत कौर ने 150वीं कप्तानी मैच में लगाया विजयी छक्का

दुबई Pakistan vs India: महिला टी-20 एशिया कप में भारत ने अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को एकतरफा मुकाबले में 7 विकेट से हरा दिया। भारत ने पाकिस्तान की पारी को महज 55 रन पर समेट दिया और 56 रन के आसान लक्ष्य को केवल 8.4 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने टूर्नामेंट में लगातार तीसरी जीत दर्ज की और अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया।

pakistan vs india मुकाबले में भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही पाकिस्तान के बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा। पाकिस्तान की पूरी टीम 18.1 ओवर में सिर्फ 55 रन पर ऑलआउट हो गई। उसकी ओर से सिर्फ दो बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा पार कर सकीं। शवाल जुल्फिकार ने 14 रन और मुनीबा अली ने 13 रन बनाए। तीन बल्लेबाज अपना खाता तक नहीं खोल सकीं, जबकि पांच बल्लेबाजों के स्कोर एक अंक में ही रह गए।

भारत की स्पिन गेंदबाजों ने पाकिस्तान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। प्लेयर ऑफ द मैच चुनी गई श्री चरणी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 7 रन देकर 3 विकेट झटके। प्रेम रावत ने 9 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि दीप्ति शर्मा ने 5 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए। शेफाली वर्मा को भी एक सफलता मिली।

27 रन के बाद शुरू हुआ पाकिस्तान का पतन

पाकिस्तान की सलामी बल्लेबाजों ने शुरुआती ओवरों में भारतीय गेंदबाजों का कुछ हद तक सामना किया। टीम का स्कोर जब 27 रन था, तभी शेफाली वर्मा ने मुनीबा अली को बोल्ड कर भारत को पहली सफलता दिलाई।

इसके बाद पाकिस्तान की पारी पूरी तरह लड़खड़ा गई। 28 रन के स्कोर पर श्री चरणी ने गुल फिरोजा को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया। अगले ही रन पर उन्होंने शवाल जुल्फिकार को एलबीडब्ल्यू कर दिया।

पाकिस्तान अभी इस झटके से संभल भी नहीं पाया था कि 32 रन के स्कोर पर श्री चरणी ने आयशा जफर को कैच आउट करा दिया। इसके बाद प्रेम रावत ने 35 रन के स्कोर पर सादफ शमास को बोल्ड कर दिया।

इसी 35 रन के स्कोर पर पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना भी ज्यादा देर नहीं टिक सकीं। दीप्ति शर्मा ने उन्हें एलबीडब्ल्यू कर दिया। देखते ही देखते पाकिस्तान की आधी से ज्यादा टीम पवेलियन लौट चुकी थी और आखिरकार पूरी टीम 55 रन पर ढेर हो गई।

हरमनप्रीत कौर ने रचा ऐतिहासिक रिकॉर्ड

भारत की जीत में कप्तान हरमनप्रीत कौर के लिए यह मुकाबला खास रहा। उन्होंने बतौर कप्तान अपना 150वां टी-20 मुकाबला खेला। पुरुष और महिला क्रिकेट को मिलाकर टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 150 मैचों में कप्तानी करने वाली वह दुनिया की पहली खिलाड़ी बन गईं।

हरमनप्रीत ने 18 गेंदों पर नाबाद 18 रन बनाए। उनकी पारी में एक चौका और एक छक्का शामिल था। दूसरी तरफ दीप्ति शर्मा 14 गेंदों पर 12 रन बनाकर नाबाद रहीं। दोनों ने मिलकर 28 रन की नाबाद साझेदारी की और भारत को आसान जीत दिला दी।

मैच का सबसे यादगार पल तब आया जब हरमनप्रीत कौर ने विजयी छक्का लगाकर भारत की जीत पर मुहर लगा दी। उनकी इस पारी ने 150वीं कप्तानी वाली टी-20 मैच की उपलब्धि को और खास बना दिया।

यह भी पढे: IND W Vs PAK W: हरमनप्रीत कौर ने पाकिस्तानी कप्तान से नहीं मिलाया हाथ, नो-हैंडशेक पॉलिसी रही बरकरार

फातिमा सना ने भारत को थोड़ी परेशानी में डाला

56 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत पूरी तरह आसान नहीं रही। पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने भारतीय टीम को कुछ समय के लिए दबाव में ला दिया। उन्होंने पिछली मैच में शतक लगाने वाली स्मृति मंधाना को सिर्फ 9 रन पर आउट किया। इसके अलावा उन्होंने भारत के दो और विकेट भी लिए।

हालांकि भारत के पास लक्ष्य बहुत छोटा था और हरमनप्रीत कौर तथा दीप्ति शर्मा ने कोई मौका नहीं दिया। दोनों ने समझदारी से बल्लेबाजी करते हुए टीम को 8.4 ओवर में लक्ष्य तक पहुंचा दिया।

सेमीफाइनल की उम्मीद बचाने के लिए पाकिस्तान को जीतना होगा

भारत ने इस जीत के साथ लीग चरण में अपने तीनों मुकाबले जीत लिए हैं और अंक तालिका में सबसे ऊपर पहुंच गया है। वहीं पाकिस्तान के लिए अब आगे का सफर आसान नहीं है। सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए उसे हांगकांग के खिलाफ अपना अगला मुकाबला हर हाल में जीतना होगा।

दुबई के स्टेडियम में भारतीय टीम को बड़ी संख्या में पहुंचे प्रशंसकों का भी जबरदस्त समर्थन मिला। पूरे मैच के दौरान दर्शक भारतीय खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते रहे।

टॉस के समय हरमनप्रीत कौर ने कहा था कि टीम की गेंदबाजी काफी अच्छी चल रही है और इसलिए पहले गेंदबाजी करने का मौका मिलना अच्छा रहा। उन्होंने यह भी कहा था कि भारतीय टीम लक्ष्य का पीछा करना ज्यादा पसंद करती है। मैदान पर भारतीय गेंदबाजों ने कप्तान के भरोसे को पूरी तरह सही साबित किया और पाकिस्तान को महज 55 रन पर समेट दिया। इसके बाद हरमनप्रीत ने खुद बल्ले से मोर्चा संभाला और विजयी छक्के के साथ भारत को शानदार जीत दिला दी।

यह भी पढे: Women’s Asia Cup 2026 schedule: महिला एशिया कप का शेड्यूल जारी, जानिए कब होगा भारत-पाकिस्तान का महामुकाबला

Scroll to Top